Search

सिकंदराबाद: मिशन शक्ति केंद्र का हुआ जीर्णोद्धार, महिला फरियादियों के लिए बढ़ीं सुविधाएं

275 Views

SSP दिनेश कुमार सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों को स्वयं परोसा भोजन, दिखी आत्मीयता

सिकंदराबाद। महिला सुरक्षा और सहायता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने की दिशा में सिकंदराबाद कोतवाली में स्थित मिशन शक्ति केंद्र का सौंदर्यकरण एवं जीर्णोद्धार किया गया। मंगलवार रात करीब आठ बजे आयोजित कार्यक्रम में जीर्णोद्धार के बाद मिशन शक्ति केंद्र को नए स्वरूप में शुरू किया गया। केंद्र को आकर्षक रूप देने के साथ ही महिला फरियादियों और महिला पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए कई बुनियादी व्यवस्थाओं में इजाफा किया गया है।

स्वच्छ पेयजल से लेकर आधुनिक वॉशरूम तक की सुविधा

नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र में महिला फरियादियों एवं ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के लिए स्वच्छ पेयजल और आधुनिक वॉशरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे केंद्र पर आने वाली महिलाओं को पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग पर रहेगा विशेष जोर

महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण के लिए केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक शीबा व उपनिरीक्षक रंजना को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। वह पीड़ित महिलाओं की बेहतर ढंग से काउंसलिंग करने के साथ ही उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराएंगी।

SSP ने स्वयं परोसा महिला पुलिसकर्मियों को भोजन

कार्यक्रम का सबसे खास और भावनात्मक पहलू वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह का महिला पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आत्मीयता प्रदर्शित करने वाला कदम रहा। एसएसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं अपने हाथों से महिला पुलिसकर्मियों को भोजन परोसा। अधिकारियों के इस आत्मीय व्यवहार ने महिला पुलिसकर्मियों का दिल जीत लिया।

महिला हितैषी पुलिसिंग का दिया सकारात्मक संदेश

पुलिस विभाग की इस पहल से पुलिसिंग में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और महिला हितैषी दृष्टिकोण का सकारात्मक संदेश गया। मिशन शक्ति केंद्र के नए स्वरूप से महिला फरियादियों को अपनी समस्याएं रखने के लिए पुलिस थाने में अधिक सुरक्षित, सहज और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध हो सकेगा।

कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में आईपीएस अंतरिक्ष जैन, आईपीएस प्रेमसुख दरिया, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, एसपी क्राइम नरेश कुमार और सीओ प्रखर पांडेय समेत क्षेत्र के तमाम पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।


Spread the love

Published On

Leave a Comment