Search

सिकंदराबाद: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, बीएलओ घर-घर जाकर कर रहे सत्यापन

141 Views

सिकंदराबाद: सिकंदराबाद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 17 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किए जाने के बाद 18 नवंबर 2026 को बूथ स्तर पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का सत्यापन एवं पुनरीक्षण कार्य किया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के सभी 104 मतदेय स्थलों पर बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर के माध्यम से मतदाता सूची का परीक्षण कराया जा रहा है। इस दौरान मतदाताओं के नाम, पिता एवं पति का नाम, मकान संख्या, आयु, फोटो तथा लिंग संबंधी प्रविष्टियों की जांच की जा रही है, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

निर्धारित प्रारूपों में कर सकते हैं आवेदन

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम अपमार्जित कराने अथवा किसी प्रकार का संशोधन कराने के लिए प्रारूप 9, 10, 11, 11क एवं 11ख की सूचनाएं तहसील सिकंदराबाद के सूचना पट्ट पर प्रतिदिन चस्पा की जा रही हैं। इसके अलावा इन सूचनाओं को जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जा रहा है, जिससे आमजन आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें।

ऑनलाइन भी उपलब्ध है आवेदन की सुविधा

मतदाता अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in⁠ पर कर सकते हैं। इसके साथ ही ECINET एप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने की सुविधा उपलब्ध है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण अवश्य जांच लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय से आवेदन करें, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment