सिकंदराबाद: मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत तहसील परिसर सहित तीन स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, जहां मतदाताओं को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

तहसील के कक्ष संख्या-13 में बनाई हेल्प डेस्क
उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहसील परिसर के कक्ष संख्या-13 में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां प्रत्येक बूथ के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) का नाम, मोबाइल नंबर और मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा खंड विकास कार्यालय सिकंदराबाद एवं गुलावठी तथा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिकंदराबाद में भी हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं।
विशेष अभियान में तीन तरह के फार्म भरवाए
एसडीएम ने बताया कि 21 नवंबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ उपस्थित रहे। अभियान के दौरान नए एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम एवं अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 तथा मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 भरवाए गए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी मतदाता को असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने और पुनरीक्षण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
