Search

सिकंदराबाद: परशुराम जन्मोत्सव पर मंदिर कालिया वाला में भव्य आयोजन, कवि सम्मेलन ने बांधा समां

208 Views

सिकंदराबाद: नगर के पत्थरवाड़ा स्थित मंदिर श्री कालिया वाला में रविवार शाम परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ने माहौल को साहित्यिक रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी अशोक कौशिक ने की, जबकि भव्या हंस ने माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कवि सम्मेलन में वरिष्ठ रचनाकारों ने अपनी ओजस्वी और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव कुमार सजल, हिमाचल कौशिक, सचिन सागर, शकील सिकंदराबादी और भुवनेश्वर दक्ष ने ग़ज़लों और नज़्मों के माध्यम से समां बांधा। वहीं बाहर से आए कवि सत्यम प्रशांत, डॉ. हरित तौमर और डॉ. स्वदेश यादव ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही लूटी। मक़सूद जालिब, सुनीता सिंहल और संजय पंवार सहित अन्य कवियों ने भी दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था समिति द्वारा सभी पदाधिकारियों, सक्रिय सदस्यों एवं आमंत्रित कवि-शायरों को प्रतीक चिह्न और भगवान परशुराम का चित्रयुक्त पटका भेंट कर सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर सह व्यवस्थापक राजीव मोहन शर्मा ने मंदिर समिति द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति समाज को जोड़ने के लिए निरंतर सक्रिय है। अंत में व्यवस्थापक वी.एस. सक्सैना ने सभी सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पंडित सचिन शर्मा, डॉ. पवन दीक्षित, टीनी भाटी, उषा बंसल, भानू प्रसाद, डॉ. अरुण प्रकाश गुप्ता, प्रो. सतीश गर्ग, महेश शर्मा, सर्वेश अवस्थी, दीपक गौड़, विकास शर्मा सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक युवा कवि दिव्य हंस दीपक ने मंच संचालन अपनी विशेष शैली में किया।

मंदिर परिसर पूरे आयोजन के दौरान भगवान परशुराम के जयकारों और काव्य पाठ की गूंज से वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।


[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News