Search

सिकंदराबाद: मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज, एसडीएम ने राजनीतिक दलों संग की बैठक

399 Views

सिकंदराबाद: सिकंदराबाद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को तहसील सभागार में एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और एईआरओ के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल कराने पर जोर दिया गया।

 

एसडीएम ने बताया कि 17 नवंबर को विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक बीएलओ के माध्यम से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अन्य प्रक्रियाओं के लिए निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन किया जा सकेगा।

मतदाताओं की सुविधा के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित होंगे। इनमें बीएलओ मौजूद रहकर मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करेंगे और पुनरीक्षण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

एसडीएम ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की पहचान करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

बैठक में बताया गया कि प्रत्येक राजनीतिक दल का बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रतिदिन अधिकतम 10 फार्म बीएलओ को उपलब्ध करा सकेगा। इसके साथ प्रमाण-पत्र देना अनिवार्य होगा कि सभी फार्मों की जांच कर ली गई है और उनमें दर्ज जानकारी सही है।

इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ और सुपरवाइजरों को तहसील सभागार में 50-50 के समूहों में प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर पुनरीक्षण कार्य गंभीरता और निष्पक्षता से निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में भाजपा से अरविंद दीक्षित, पिंकी बोहरा और सोनू शर्मा, सपा से रविंद्र यादव, कांग्रेस से शकील अहमद तथा बसपा से नरेश सागर और अमित नूरपुर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment