महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, शस्त्रागार और मालखाने समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सिकंदराबाद। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय ने बुधवार शाम थाना सिकंदराबाद का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय और परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एएसपी सिटी ने महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, बंदीगृह, बीट बुक रजिस्टर, सीसीटीएनएस, शस्त्रागार, मालखाना, मैस, आवासीय परिसर और थाने में खड़े वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी।

महिला शिकायतों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश
मिशन शक्ति केंद्र और महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान एएसपी ने वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि थाने में अपनी समस्याएं लेकर आने वाली महिलाओं और बालिकाओं के प्रार्थना पत्र, जांच की स्थिति और जांच के परिणाम का रिकॉर्ड कंप्यूटर पर क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित रखा जाए। इससे शिकायतों की प्रभावी निगरानी और उनके समयबद्ध निस्तारण में सुविधा होगी।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एएसपी ने थाना परिसर, अभिलेखों और पुलिस संसाधनों को व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रखने पर भी जोर दिया।
