सिकंदराबाद। विद्युत वितरण खंड सिकंदराबाद के अंतर्गत गुरुवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बिजली चोरी रोकने के लिए तिलबेगमपुर गांव में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान उपखंड अधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में विजिलेंस टीम के साथ संचालित किया गया।
अभियान के दौरान टीम ने जांच में 7 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। इन उपभोक्ताओं पर कुल 15 किलोवाट विद्युत भार पाया गया। विभाग द्वारा सभी 7 आरोपित उपभोक्ताओं के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उपखंड अधिकारी रवि कुमार ने क्षेत्र के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे केवल वैध तरीके से बिजली का उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी गतिविधियों से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से उपभोक्ता जुर्माने एवं कानूनी कार्रवाई से बच सकते हैं।
