सुबह से रात तक राखी बांधने के 3 शुभ मुहूर्त, जानिए भद्रा और राहुकाल का पूरा समय
सिकंदराबाद। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन इस वर्ष 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। रक्षाबंधन को लेकर बहनों में उत्साह है। इस बार खास बात यह है कि रक्षाबंधन के दिन भद्रा का साया नहीं रहेगा, जिससे बहनें शुभ मुहूर्त में आसानी से भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकेंगी। हालांकि, दिन में राहुकाल रहेगा, इसलिए इस अवधि में राखी बांधने से बचने की सलाह दी जाती है।
27 अगस्त को समाप्त हो जाएगा भद्रा काल
जानकारी के अनुसार भद्रा काल 27 अगस्त की सुबह 9 बजे से रात 9:30 बजे तक रहेगा। इसके बाद भद्रा समाप्त हो जाएगी। ऐसे में 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भद्रा की बाधा नहीं रहेगी और बहनें शुभ समय में राखी बांध सकती हैं।
राहुकाल में न बांधें राखी
रक्षाबंधन के दिन सुबह 10:45 बजे से दोपहर 12:25 बजे तक राहुकाल रहेगा। ज्योतिष शास्त्र में राहुकाल को शुभ कार्यों के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता। इसलिए इस अवधि में राखी बांधने से बचना बेहतर रहेगा।
राखी बांधने के 3 सबसे शुभ मुहूर्त
पहला शुभ मुहूर्त: सुबह 5:45 बजे से 9:45 बजे तक
दूसरा शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:40 बजे से 4:15 बजे तक
तीसरा शुभ मुहूर्त: शाम 6:29 बजे से रात 9:12 बजे तक
इन शुभ मुहूर्तों में बहनें अपनी सुविधा के अनुसार भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकती हैं। खासकर राहुकाल की अवधि 10:45 बजे से 12:25 बजे को छोड़कर दिन में कई शुभ समय उपलब्ध रहेंगे।
रक्षाबंधन के दिन बहनें पहले भाई की आरती उतारें, तिलक लगाएं और इसके बाद उसकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करें। भाई भी बहन की रक्षा का संकल्प लेते हुए उसे उपहार देकर इस पवित्र रिश्ते को और मजबूत कर सकते हैं।
