Search

सिकंदराबाद: किताबी ज्ञान से आगे बढ़े विद्यार्थी, सरकारी योजनाओं का किया जमीनी अध्ययन

240 Views

प्राथमिक विद्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन को समझा


सिकंदराबाद। दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों ने सरकार द्वारा संचालित मानव पूंजी निर्माण योजनाओं के अवलोकन एवं गहन अध्ययन के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय, सलेमपुर कायस्थ तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सलेमपुर कायस्थ का शैक्षिक भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मिड-डे मील योजना, डिजिटल कक्षा प्रशिक्षण, प्री-स्कूल शिक्षा, प्रौढ़ शिक्षा अभियान एवं स्त्री शिक्षा सहित मानव पूंजी निर्माण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने योजनाओं के उद्देश्य, लाभ तथा समाज पर पड़ने वाले प्रभावों को समझने के साथ-साथ उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन का भी बारीकी से अवलोकन किया।


प्राथमिक विद्यालय, सलेमपुर कायस्थ की प्रधानाध्यापिका कल्पना सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों का पुष्प अर्पित कर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और विद्यार्थियों को उनके अध्ययन एवं अवलोकन में सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थियों ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, डिजिटल कक्षाओं तथा मिड-डे मील योजना की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इसके बाद विद्यार्थियों ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सलेमपुर कायस्थ का भ्रमण किया। यहां उन्होंने छात्रावास व्यवस्था, शिक्षा, छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा बालिका शिक्षा से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने बालिकाओं के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के महत्व को भी समझा।


विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को सबसे पहले अपने देश का जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित मानव पूंजी निर्माण योजनाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास के माध्यम से नागरिकों को सशक्त बनाना इन योजनाओं का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने अध्ययन एवं अनुभवों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। शैक्षिक भ्रमण को सफल बनाने में विद्यालय की आचार्या रचना सैनी का विशेष सहयोग रहा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह एवं जिज्ञासा का वातावरण बना रहा। शैक्षिक भ्रमण ने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के व्यावहारिक पक्ष को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

Spread the love

Leave a Comment