Search

सिकंदराबाद: भारत विकास परिषद का दीपावली मिलन समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

103 Views

सिकंदराबाद। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा सिकंदराबाद की ओर से शुक्रवार, 30 अक्टूबर की देर रात नगर के सिंघल स्वीट्स परिसर में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह का शुभारंभ भारत माता, स्वामी विवेकानंद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों के सम्मुख मातृशक्ति और वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद सभागार में मौजूद सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से वंदेमातरम का वाचन किया।

कार्यक्रम में वीएस सक्सेना ने दीपावली मिलन समारोह के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं सतीश चंद्र गर्ग ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती की पूर्व संध्या पर उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण किया।

इसके बाद परिषद के सदस्यों के परिजनों और बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में हस्तशिल्प कला का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा। स्टॉल पर प्रदर्शित हस्तनिर्मित वस्तुओं की उपस्थित सदस्यों ने खूब सराहना की और उत्साहपूर्वक खरीदारी भी की।

कार्यक्रम का मंच संचालन शाखा अध्यक्ष विभोर गुप्ता एवं महिला संयोजिका माधुरी गर्ग ने किया। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

इस अवसर पर सचिव ईश्वर चंद, कोषाध्यक्ष राकेश तितोरिया, आरके गुप्ता, शिव प्रकाश काका, जुगल किशोर बंसल, अतुल गोयल, नितिन अग्रवाल, अनिल मोघा सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment