गफ्फारगढ़ी के बंद प्राथमिक विद्यालय पहुंचे प्रमोद यादव, मर्ज किए गए स्कूलों को दोबारा खोलने की मांग
सिकंदराबाद। समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रमोद यादव ने सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के गफ्फारगढ़ी गांव स्थित बंद प्राथमिक विद्यालय का मुद्दा उठाया। उन्होंने बंद विद्यालय के सामने पहुंचकर प्रदेश सरकार से मर्ज किए गए स्कूलों को दोबारा संचालित करने की मांग की।

प्रमोद यादव ने कहा कि विद्यालय मर्ज होने के बाद बच्चों को पढ़ाई के लिए अमीनगर जाना पड़ रहा है। गांव से दूसरे स्थान पर जाने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों के लिए नजदीकी सरकारी विद्यालय शिक्षा का प्रमुख सहारा हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय बंद होने का सबसे अधिक असर कमजोर और गरीब वर्ग के बच्चों पर पड़ेगा। उनकी लड़ाई किसी भवन के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य के लिए है। सरकार को स्कूल बंद करने के बजाय उनमें पर्याप्त शिक्षक और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।

प्रमोद यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मर्ज किए गए विद्यालयों को दोबारा खोलने का काम किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बंद प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा नहीं खोला गया तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने जरूरत पड़ने पर ताले तोड़ने तक का कदम उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और सरकार को बच्चों की शिक्षा व भविष्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव ठाकुर लविन सिंह भाटी और युवजन सभा के प्रदेश सचिव शिवम गोस्वामी मौजूद रहे।
