सिकंदराबाद में सोमवार शाम हुए दो सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। पीरवियावनी गांव में बस पलटी जबकि सनसाइन कोल्ड स्टोर के पास एक कार नाले में जा गिरी। एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।
सिकंदराबाद: सोमवार देर शाम को क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहला हादसा गांव पीरवियावनी के पास हुआ, जब एक यात्री बस सिकंदराबाद से गुलावठी की ओर जा रही थी। सामने से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में बस असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन यात्री घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी दल सिंह के अनुसार, घायलों में से एक की हालत गंभीर है।

वहीं, दूसरा हादसा खुर्जा-सिकंदराबाद मार्ग पर स्थित सनसाइन वेजिटेबल्स कोल्ड स्टोर के सामने की पुलिया पर हुआ। एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा घुसी। कार की चपेट में आने से कई राहगीर बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार सवार भाई-बहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पुलिया पहले भी हादसों का कारण बन चुकी है। 3 जुलाई को भी एक कार इसी जगह पलट गई थी, जिसमें आठ लोग घायल हुए थे। राहगीरों का कहना है कि पुलिया पर कोई चेतावनी संकेतक नहीं है, जिससे हादसों की संभावना बनी रहती है।
इस मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के एई संदीप त्यागी ने बताया कि जल्द ही पुलिया पर संकेतक लगवाए जाएंगे ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
