सिकंदराबाद। मतदाता सूची में नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर गुरुवार दोपहर सिकंदराबाद के समस्त कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रजिस्ट्रार कानूनगो सिकंदराबाद ने की। इसमें भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार फॉर्म-6 भरने में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में CSC संचालकों को बताया गया कि एक ही व्यक्ति का बार-बार आवेदन जमा न करें। नया आवेदन करने से पहले पोर्टल पर पुराने आवेदन की स्थिति जरूर जांच लें। आवेदन में सक्रिय और सही मोबाइल नंबर दर्ज करें तथा OTP का इस्तेमाल आवेदक की सहमति से ही करें।
इसके अलावा आवेदन जमा करने के बाद मिलने वाली रसीद और रेफरेंस नंबर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। SMS प्राप्त नहीं होने की स्थिति में रेफरेंस नंबर के माध्यम से आवेदन की स्थिति जांचने को कहा गया। संचालकों को फॉर्म-6 में आवेदक का नाम, पिता-माता या पति का नाम, जन्मतिथि, पता और अन्य जानकारियां संबंधित दस्तावेजों के अनुसार सही दर्ज करने के लिए कहा गया।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि आवेदन सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों का दोबारा मिलान कर लें। पोर्टल धीमा होने या प्रतिक्रिया में देरी होने पर बार-बार सबमिट बटन न दबाएं। आवेदन जमा होने के बाद उसकी रेफरेंस संख्या आवेदक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
बैठक में सिकंदराबाद क्षेत्र के सभी CSC संचालक उपस्थित रहे।
