सिकंदराबाद: शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और उसके फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगने के मामले में अदालत ने आरोपी को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 56,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद यह फैसला आया है।
पुलिस के अनुसार, सिकंदराबाद की टीचर्स कॉलोनी निवासी अनुज पुत्र ब्रह्मसिंह ने वर्ष 2025 में एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने युवती के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये की मांग की थी।
मामले में पीड़िता की शिकायत पर 8 मार्च 2025 को सिकंदराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद 26 अप्रैल 2025 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया।
पुलिस महानिदेशक की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत इस मुकदमे को चिह्नित किया गया था। इसके बाद बुलंदशहर पुलिस की मॉनीटरिंग सेल ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी करते हुए अभियोजन की कार्रवाई पूरी कराई।
सोमवार को एडीजे/एफटीसी-2 बुलंदशहर के न्यायाधीश मनोज कुमार शासन ने आरोपी अनुज को दोषसिद्ध पाते हुए 10 वर्ष के कारावास और 56,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
