सिकंदराबाद। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में एनएच-34 स्थित गोपालपुर फ्लाईओवर के पास बुधवार रात को तेज रफ्तार ट्रोला ने पाइप से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार छत्तीसगढ़ निवासी रमन (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश और अमृत घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पाइप से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गोपालपुर फ्लाईओवर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रोला ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार पांच लोग सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। घायलों में मुकेश की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं अमृत का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-34 पर यातायात भी प्रभावित रहा।
फोटो: हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाते लोग।
