सिकंदराबाद: परिवारों को टूटने से बचाने और पति-पत्नी के बीच आपसी विवादों को सुलझाने में सिकंदराबाद पुलिस की मिशन शक्ति टीम अहम भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में मिशन शक्ति केंद्र की सह प्रभारी उप निरीक्षक रंजना और उनकी टीम ने काउंसलिंग के माध्यम से दो दंपतियों के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों का निस्तारण कराकर उन्हें फिर से साथ रहने के लिए राजी किया।

शुक्रवार को थाना सिकंदराबाद स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर दोनों दंपतियों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। सह प्रभारी उप निरीक्षक रंजना और टीम के सदस्यों ने दोनों पक्षों से अलग-अलग और संयुक्त रूप से बातचीत कर विवाद की वजह समझी। इसके बाद काउंसलिंग के माध्यम से पति-पत्नी को आपसी विश्वास, प्रेम, सहयोग और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की सीख दी।

पुराने मतभेद भुलाकर साथ रहने का लिया संकल्प
पुलिस टीम की समझाइश और सकारात्मक प्रयासों के बाद दोनों दंपतियों के बीच चल रही गलतफहमियां दूर हुईं। दोनों पक्ष आपसी सहमति से सुलह-समझौते के लिए तैयार हो गए। दंपतियों ने पुरानी कड़वाहट भुलाकर वैवाहिक जीवन को एक और मौका देने तथा भविष्य में प्रेम और सामंजस्य के साथ रहने का संकल्प लिया।
मिशन शक्ति टीम ने दोनों दंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए आपसी बातचीत से समस्याओं का समाधान करने की सलाह दी। पुलिस की इस पहल से दो परिवारों में फिर से खुशियां लौटने की उम्मीद जगी है।
