Search

सिकंदराबाद: औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मिलेगी मजबूती, UPSIDA ने PVVNL को सौंपे दो नए सब-स्टेशन

Share Now :

WhatsApp
53 Views

सिकंदराबाद: सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) ने जोखाबाद और गोपालपुर क्षेत्र में नवनिर्मित 33/11 केवी के दो विद्युत उपकेंद्र पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) को हस्तांतरित कर दिए हैं।

दोनों उपकेंद्रों की क्षमता 10-10 एमवीए है। UPSIDA के वरिष्ठ प्रबंधक राजवीर वीरेंद्र सिंह के अनुसार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, UPSIDA के निर्देश और विजन के अनुरूप इन उपकेंद्रों का निर्माण कराया गया है। इनका उद्देश्य सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में संचालित औद्योगिक इकाइयों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

चार्जिंग और लोड टेस्टिंग सहित आवश्यक परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद UPSIDA, PVVNL और UPPTCL के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों उपकेंद्रों को चार्ज एवं कमीशन किया गया। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने आधिकारिक हस्तांतरण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।

हस्तांतरण के बाद अब दोनों उपकेंद्रों का संचालन और नियंत्रण PVVNL के पास रहेगा। नए विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर से औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे औद्योगिक इकाइयों के संचालन और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को भी लाभ मिलने की संभावना है।

इस मौके पर सिकंदराबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों संजीव गुप्ता, पवन बंसल और ब्रिज मोहन पांडेय ने संतोष व्यक्त करते हुए UPSIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का आभार जताया। संजीव गुप्ता ने बताया कि इन उपकेंद्रों के निर्माण की मांग संगठन की ओर से लंबे समय से की जा रही थी।


 

Spread the love

Leave a Comment