Search

सिकंदराबाद: मौत बनकर गिरा विशाल यूनिपोल, चंद सेकंड ने बचाई जिंदगी

355 Views

सिकंदराबाद में बड़ा हादसा टला: आंधी में उखड़ा भारी लोहे का पोल, ठेली पर गिरा यूनिपोल बोर्ड

परशुराम चौक के पास स्टेट हाईवे पर तेज आंधी से दिशा सूचक बोर्ड और यूनिपोल धराशायी, गरीब ठेली संचालक को भारी नुकसान

सिकंदराबाद: गुरुवार को आई तेज आंधी के चलते सिकंदराबाद में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। परशुराम चौक के पास स्टेट हाईवे पर लगा ‘औद्योगिक क्षेत्र चोला’ लिखा भारी-भरकम दिशा सूचक बोर्ड उखड़कर गिर गया। वहीं शाही डेयरी के सामने स्थापित एक बड़ा यूनिपोल फ्लेक्स बोर्ड भी तेज हवाओं के दबाव को नहीं झेल सका और धराशायी हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी लोहे का पोल अचानक ब्रेड-पकौड़ा बेचने वाले एक ठेली संचालक की ठेली पर आ गिरा। पोल गिरते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर दुकानदार को सतर्क किया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि हादसे में उसकी ठेली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेली संचालक की आजीविका का यही एकमात्र साधन था। पोल गिरने से उसकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।

गनीमत यह रही कि भारी लोहे का पोल हाईवे के बीचों-बीच नहीं गिरा। यदि ऐसा होता तो आंधी के दौरान गुजर रहे किसी बड़े वाहन की चपेट में आने से गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे किनारे लगे पुराने और जर्जर पोलों तथा होर्डिंग्स की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment