Search

जलभराव को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को दिया ज्ञापन

457 Views

सिकंदराबाद: गांव रसूलपुर रिठोरी में लंबे समय से जारी जलभराव की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले ग्रामीणों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने उप-जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम संतोष जगराम को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के तालाब में गंदे पानी का लगातार जलभराव बना हुआ है, जो अब ओवरफ्लो होकर करीब 100 परिवारों के घरों तक पहुंच चुका है। इससे क्षेत्र में दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब की न तो सफाई कराई गई है और न ही गांव में सफाई की कोई नियमित व्यवस्था है। जल निकासी की ठोस व्यवस्था न होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही। इसके अलावा मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी नहीं किया गया है।

इतना ही नहीं, आवारा पशुओं की वजह से किसानों की खेती भी प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों की समस्याएं और बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द तालाब की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था, कीटनाशक छिड़काव और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि गांव में फैली अव्यवस्था और जनस्वास्थ्य पर मंडरा रहे खतरे को रोका जा सके।

[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment