सिकंदराबाद: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सरस्वती नगर में शुक्रवार को वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘नमामि भारतम्’ अभियान के अंतर्गत ‘वंदे मातरम् सामूहिक गायन—एक स्वर, एक लय, एक साथ’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, पुरातन छात्रों एवं गणमान्य नागरिकों सहित कुल 641 प्रतिभागियों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटेरियन पायल गौड़, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट-3100, विद्यालय के प्रबंधक एवं कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट नितिन गर्ग तथा प्रधानाचार्य रामकरण सिंह दक्ष द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर, पुष्पार्चन, ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।

‘वंदे मातरम् राष्ट्रभाव की अभिव्यक्ति है’ : पायल गौड़
मुख्य वक्ता पायल गौड़ ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रभाव की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि सामूहिक गायन समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करता है। विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता को उन्होंने प्रेरणादायी बताया।

स्वदेशी अपनाना ही सच्ची देशभक्ति : नितिन गर्ग
विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
11 बजे गूंजा वंदे मातरम्, राष्ट्रभक्ति से सराबोर हुआ वातावरण
ठीक प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। एक साथ गूंजते वंदे मातरम् के स्वर से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया और वातावरण देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम एवं देश की गौरवशाली परंपराओं का सुंदर चित्रण किया। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।


मुख्य अतिथि का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

सभी प्रतिभागियों का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग एवं प्रधानाचार्य रामकरण सिंह दक्ष ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, पुरातन छात्रों, गणमान्य नागरिकों, आचार्य-आचार्या बहनों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रीति त्यागी ने किया। सामूहिक गायन की संयोजिका स्नेहिल गौड़ तथा विद्यालय के प्रचार-प्रसार प्रमुख संजीव कुमार शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में उप प्रबंधक सुमन सैनी, कोषाध्यक्ष ईश्वर चंद्र गोला, विवेकानंद सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष मोहनलाल, नितिन सर्राफ, अनिरुद्ध शास्त्री, योगेश कुमार शर्मा, पत्रकार रोहित बंसल, मनीष शर्मा, पवन कुमार शर्मा, भारत सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
