सिकंदराबाद: गांव गैंदपुर शेखपुर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि गांव को चंदेरू फीडर और बिलसुरी बिजली घर से सप्लाई दी जाती है, लेकिन खड़ंजे वाले रास्ते पर लगा 25 केवी का ट्रांसफार्मर लंबे समय से ओवरलोड चल रहा है। अधिक कनेक्शन होने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार फुंक रहा है, जिससे पिछले करीब एक महीने से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है।
भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न मिलने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मौजूदा 25 केवी ट्रांसफार्मर को हटाकर कम से कम 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि गांव को सुचारु बिजली आपूर्ति मिल सके। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं मामले में एसडीओ राजेश कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।
