Search

चोला औद्योगिक क्षेत्र भूमि अधिग्रहण: किसानों की समस्या को लेकर विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने सीएम योगी से की भेंट

862 Views

सिकंदराबाद: विधानसभा क्षेत्र सिकंदराबाद के अंतर्गत आने वाले चोला औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर किसानों की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर स्थानीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। विधायक ने किसानों की पीड़ा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया, जिस पर मुख्यमंत्री ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर चोला क्षेत्र के कई किसान भी मौजूद रहे। किसानों ने मुख्यमंत्री को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने 1998-99 में शुरू हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को अवैध और अन्यायपूर्ण बताया। किसानों का कहना है कि यूपीसीडा द्वारा चोला औद्योगिक क्षेत्र के लिए दस गांवों की कुल 1049.664 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण आपातकालीन धारा का प्रयोग कर बिना सहमति किया गया था।

किसानों का यह भी कहना है कि अधिग्रहित भूमि पर अभी भी उनका कब्जा है और अधिकांश किसानों ने अब तक मुआवजा स्वीकार नहीं किया है। भू-अभिलेखों से उनके नाम हटा दिए गए हैं, जिसके कारण वे किसान सम्मान निधि, क्रेडिट कार्ड, बीज, खाद और बैंक लोन जैसी योजनाओं से वंचित हैं।

किसानों ने यह भी मांग रखी कि भू-अधिग्रहण अधिनियम के अनुसार यदि पांच वर्षों तक अधिग्रहीत भूमि पर विकास कार्य न हो तो अधिग्रहण स्वतः रद्द माना जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने नए भू-अधिग्रहण अधिनियम 2013 के तहत सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिए जाने की भी मांग की।

इस मुद्दे पर अब तक 14 बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया है। किसानों ने औद्योगिक विकास का समर्थन करते हुए निष्पक्ष और न्यायपूर्ण मुआवजे की मांग दोहराई है।

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News