सिकंदराबाद: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सिकंदराबाद नगर इकाई की ओर से सलेमपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में 5 दिवसीय “छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर” का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में आत्मरक्षा, कौशल विकास, साइबर सुरक्षा और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान परिषद के जिला संयोजक कर्मवीर भाटी ने कहा कि आज की छात्राएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। ऐसे शिविर छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नगर उपाध्यक्ष अलका सिंह राठौर ने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए शिक्षा के साथ कौशल विकास भी जरूरी है। शिविर में आत्मरक्षा, साइबर क्राइम से बचाव, मेंहदी एवं ब्यूटी पार्लर जैसे प्रशिक्षण छात्राओं को भविष्य में स्वरोजगार और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएंगे।
विद्यालय की हेड बीना ने एबीवीपी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आवासीय विद्यालय की छात्राओं के लिए इस प्रकार का बहुआयामी शिविर बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगी।
कार्यक्रम में नगर सहमंत्री माही, नगर सह छात्रा प्रमुख रिया एवं नगर सह सोशल मीडिया प्रमुख अजय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिविर 29 मई तक चलेगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं अन्य रोजगारपरक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। समापन अवसर पर प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
