विद्यार्थियों को गुरु नानक देव की शिक्षाओं से कराया परिचित, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में लिया उत्साहपूर्वक भाग
सिकंदराबाद। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सरस्वती नगर में गुरु नानक देव की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गुरु नानक देव के जीवन, आदर्शों और उनकी महान शिक्षाओं से अवगत कराते हुए सत्य, सेवा, समानता एवं भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष एवं मुख्य वक्ता प्रशांत शर्मा ने गुरु नानक देव के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।
मानवता और सेवा का संदेश देती हैं गुरु नानक देव की शिक्षाएं
मुख्य वक्ता प्रशांत शर्मा ने गुरु नानक देव के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, सद्भाव, समानता और निःस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने कहा कि गुरु नानक देव का जीवन मानव कल्याण, आपसी प्रेम और भाईचारे की अनुपम मिसाल है। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं।

प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
इस अवसर पर गुरु नानक देव के जीवन एवं शिक्षाओं
पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और प्रेरणादायी विचारों से सराबोर रहा। इस दौरान विद्यालय के समस्त आचार्य एवं आचार्या बहनें उपस्थित रहे।
