Search

सिकंदराबाद: गुरुओं के आदर्शों से प्रेरित हुए विद्यार्थी, जनगणना विषय पर अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित

5 Views

महापुरुषों के त्याग और आदर्शों से मिलती है मानवता, सेवा एवं राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा – राजीव गुप्ता

सिकंदराबाद। नगर के गुलावठी रोड स्थित केशव नगर के दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को गुरु नानक देव की जयंती एवं गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विपिन कुमार ने गुरु नानक देव के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एकता, समानता, प्रेम, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया। वहीं गुरु तेग बहादुर का बलिदान त्याग, साहस और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा का अनुपम उदाहरण है।

 

महापुरुषों के आदर्श अपनाने का किया आह्वान

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव ने जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का मार्ग दिखाया। गुरु तेग बहादुर का त्याग भारतीय इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा, समर्पण, सहिष्णुता और राष्ट्रप्रेम जैसे गुणों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

जनगणना विषय पर विद्यार्थियों ने रखे विचार

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और अंग्रेजी भाषा में अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के उद्देश्य से ‘जनगणना (Census)’ विषय पर अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का संचालन आचार्या अलका शर्मा ने किया।
अंत में प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देती हैं। कार्यक्रम का समापन महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News