सिकंदराबाद: कोतवाली सिकंदराबाद पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ पहले से भी तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 नवंबर की रात कोतवाली सिकंदराबाद पुलिस गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित सामान बरामद हुआ।
चोरी के जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अबू बकर पुत्र काजी निवासी नई बस्ती, चौधरीवाड़ा, सिकंदराबाद तथा एलिस उर्फ सुभान पुत्र उम्मेद हसन निवासी खीरखानी खुर्जा, हाल निवासी गुलावठी रोड सिकंदराबाद के रूप में की है। पुलिस ने अबू बकर के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, सफेद धातु की अंगूठी, पीली धातु का कान का छल्ला और आर्टिफिशियल गले का हार बरामद किया है। वहीं एलिस उर्फ सुल्तान के कब्जे से पीली धातु का एक कान का झाला बरामद हुआ। इसके अलावा दोनों आरोपियों से कुल 2250 रुपये की नकदी भी बरामद की गई।
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के आधार पर मुकदमा में बढ़ोतरी की गई है। वहीं अबू बकर के खिलाफ चोरी के मुकदमे के अलावा आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं। जबकि एलिस उर्फ सुल्तान के खिलाफ संबंधित चोरी का मुकदमा दर्ज है।
