सिकंदराबाद: नगर के मोहल्ला पत्थरवाड़ा में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में मकान की दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि घर के अंदर लगी पूरी बिजली फिटिंग जल गई। इसके अलावा घर में मौजूद कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो गए।
पीड़ित मनोहर शर्मा पुत्र रामअवतार शर्मा निवासी पत्थरवाड़ा ने बताया कि तेज गर्जना के साथ अचानक आकाशीय बिजली उनके मकान पर गिरी, जिससे जोरदार धमाका हुआ। हादसे के बाद परिवार के लोग घबरा गए और घर से बाहर निकल आए।
मनोहर शर्मा ने बताया कि घर में लगे बिजली के उपकरण जैसे पंखे, टीवी, फ्रिज समेत अन्य सामान खराब हो गया। घटना के असर से आसपास के कुछ अन्य मकानों में भी बिजली संबंधी नुकसान होने की सूचना है।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को राहत दिलाने की मांग की है।
