सिकंदराबाद: सम्पूर्ण समाधान दिवस में मोहल्ला छांसियावाड़ा, वार्ड नंबर-6 की महिलाओं ने प्रीपेड बिजली मीटर हटाकर सामान्य मीटर लगाए जाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि वाल्मीकि बस्ती में विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए प्रीपेड (स्मार्ट) मीटर से उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार रिचार्ज कराने की परेशानी के साथ ही अचानक बिजली कट जाने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
महिलाओं का कहना है कि सामान्य मीटर होने पर मासिक बिल आता है, जिससे भुगतान करना आसान होता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रीपेड मीटर हटाकर पुराने सिस्टम के अनुसार सामान्य बिजली मीटर लगाए जाएं।
इस संबंध में एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि विभागीय नियमों के तहत स्मार्ट मीटर के स्थान पर साधारण मीटर लगाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सभी क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और यही व्यवस्था लागू रहेगी।
