Search

सिकंदराबाद: कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज, ड्रोन से निगरानी

506 Views

सिकंदराबाद: शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व सिकंदराबाद नगर क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग रंग-बिरंगे परिधानों में नजर आए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

ईदगाह में अदा हुई नमाज, दिया भाईचारे का संदेश

हाइवे स्थित ईदगाह में मौलाना अरशद ने सुबह 7:45 बजे नमाज अदा कराई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सच्चा मुसलमान वही है जो नबी-ए-करीम के बताए रास्ते पर चले। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस्लाम में दहशतगर्दी के लिए कोई स्थान नहीं है।

सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

ईद के मौके पर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। यह दृश्य आपसी भाईचारे और एकता की मिसाल बना। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई नमाज

ईद के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। ईदगाह और मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लगभग दो घंटे तक हाइवे पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई।

उपजिलाधिकारी दीपक कुमार पाल, सीओ भास्कर कुमार मिश्रा, सीओ ट्रैफिक पूर्णिमा सिंह, तहसीलदार राकेश मौर्य, ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजपाल तोमर, नगर पालिका ईओ शिवराज सिंह एवं कोतवाल नीरज मलिक सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

ड्रोन से हुई निगरानी

नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र में मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई।


सेंवई और मिठास से भरा त्योहार

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद दी। सेंवई, पापड़, नमकीन, फल और ठंडाई जैसे पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया गया। जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में भी नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।


[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News