सिकंदराबाद: नेशनल हाईवे-34 पर भटपुरा कट के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। गांव गफूरगढ़ी निवासी नेमवती (45) पत्नी बाली शादी समारोह से लौटते समय हादसे का शिकार हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार नेमवती सिकंदराबाद के चन्द्रा फार्म में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने परिजनों के साथ गांव लौट रही थीं। इसी दौरान जब वह नेशनल हाईवे-34 पार कर रही थीं, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों और साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सिकंदराबाद के राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। नेमवती अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं।
