सिकंदराबाद: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से सम्बद्ध सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सरस्वती नगर सिकंदराबाद में शुक्रवार को फूलों की होली का कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.प्रदीप दीक्षित, विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग, ईश्वर चंद गोला व प्रधानाचार्य रामकरण सिंह दक्ष द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
होली पर्व के उपलक्ष्य में छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। राधा-कृष्ण नृत्य पर आधारित फूलों की होली ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। विद्यालय के आचार्य जुगेंद्र सिंह ने “बुरा ना मानो होली है” विषय पर काव्य पाठ कर समां बांध दिया, जिसे सुनकर सभी हंसी और तालियों से झूम उठे।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.प्रदीप दीक्षित ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देने वाला पर्व है। विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग ने कहा कि यह त्योहार रंगों के माध्यम से भेदभाव मिटाकर समाज को एकजुट करता है और जीवन में नई ऊर्जा का संचार करता है। मुख्य वक्ता संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि होली निराशा से निकलकर उमंग, खुशी और उत्साह से जीवन को रंगने का संदेश देती है तथा बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन प्रीति त्यागी ने किया, संयोजन दौजपाल शर्मा का रहा तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां स्नेहिल गौड़ के निर्देशन में संपन्न हुईं।
इस अवसर पर अनिरुद्ध शास्त्री, विवेकानंद सरस्वती शिशु मंदिर की प्रधानाचार्य एकता महेश्वरी, राकेश, प्रेमपाल, राजकुमार सिंह, विक्रम, धर्मेंद्र, शशिबाला, पंकज जोशी, प्रियंका शर्मा, नीलम गुप्ता, वंदना शर्मा, एकाक्षी त्रिवेदी, तनु सिंह, वंशिका वत्स सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
