Search

सिकंदराबाद: छात्र की मौत पर सड़कों पर उतरी एबीवीपी, 48 घंटे में कार्रवाई नहीं तो चक्का जाम

213 Views

सिकंदराबाद: मंगलवार दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सिकंदराबाद इकाई ने गुलावठी मार्ग पर धरना-प्रदर्शन कर छात्र प्रवेश की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने घटना के खुलासे में देरी पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

परिषद का आरोप है कि 18 फरवरी को बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी वाहन और चालक को पकड़ने में विफल रही है। इसे लेकर संगठन ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

धरने का नेतृत्व कर रहे जिला संयोजक कर्मवीर भाटी ने कहा कि शाम करीब 5:30 बजे हुई घटना का अब तक खुलासा न होना गंभीर लापरवाही दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ज्ञापन दिए जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई।

एबीवीपी ने मांग की है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल एसआईटी गठित की जाए, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा गुलावठी मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

परिषद ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपी वाहन जब्त कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो बुलंदशहर जनपद में पूर्ण चक्का जाम किया जाएगा। धरने में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की।


[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment