छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस रही सतर्क, संदिग्ध व्यक्तियों पर रखी नजर
सिकंदराबाद। थाना सिकंदराबाद की मिशन शक्ति टीम प्रभारी शीबा द्वारा टीम के साथ मिलकर एंटी रोमियो अभियान के अंतर्गत स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने विद्यालयों की छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में निगरानी रखी तथा संदिग्ध एवं मनचले व्यक्तियों पर विशेष नजर बनाए रखी।
पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थलों, कोचिंग सेंटरों तथा विद्यालयों के आसपास भ्रमण कर लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबरों एवं मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत एंटी रोमियो अभियान लगातार चलाया जा रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
