Search

सिकंदराबाद: क्षेत्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में आर्यन भाटी और नीरज ने जीता स्वर्ण पदक

6 Views

अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, विद्यालय परिसर में किया गया सम्मान

सिकंदराबाद। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान द्वारा 5 से 8 सितंबर 2026 तक लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में आयोजित 38वीं क्षेत्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गुलावठी रोड, सिकंदराबाद के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यालय के छात्र आर्यन भाटी एवं छात्र नीरज ने अंडर-17 वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

बुधवार को विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता एवं अतिथियों ने दोनों स्वर्ण पदक विजेताओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। विद्यालय की प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं मार्गदर्शक आचार्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आर्यन भाटी एवं नीरज ने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद दोनों खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी 1 अक्टूबर 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, औरैया में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों की सफलता की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Spread the love

Published On

Leave a Comment