ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और वैश्विक स्तर का बनाने के निर्देश दिए।
यूपीआईटीएस 2026 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस समेत छह भागीदार देशों की भागीदारी होगी। करीब 72 देशों से लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन में 20 नॉलेज सेशन भी होंगे, जिनमें वैश्विक सप्लाई चेन, सेमीकंडक्टर, एमएसएमई और ओडीओपी के लिए ई-कॉमर्स, मेडटेक, नए श्रम कानून और एफटीए जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रतिनिधिमंडलों के लिए आवास, लायजन अधिकारियों और सहायता के लिए छात्रों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अलावा अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। आयोजन में कथक, पखावज-सितार, भोजपुरी और आल्हा गायन, राई-थारू नृत्य सहित 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
आयोजन को लेकर यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदर्शनी स्थल और पार्किंग के बीच 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलाने की व्यवस्था की गई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और वीवीआईपी के लिए यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस बार 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र की बुकिंग हो चुकी है। यहां ओडीओपी, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स-आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल-ईवी, फार्मा, टेक्सटाइल, पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों की औद्योगिक क्षमता प्रदर्शित की जाएगी।
