सिकंदराबाद: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में बुधवार को मेधावी छात्र अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग, कोषाध्यक्ष ईश्वर चंद्र गोला और प्रधानाचार्य रामकरन दक्ष ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग ने कहा कि सफलता पाने के लिए धैर्य, निरंतरता और कठिन परिश्रम सबसे जरूरी हैं। वहीं कार्यक्रम संयोजक संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है।
समारोह में हाईस्कूल परीक्षा-2026 में नगर एवं विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्रेयांश सिंह, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सक्षम शुक्ला तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रीत यादव को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। श्रेयांश सिंह और सक्षम शुक्ला ने गणित में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
इसके अलावा विद्यालय की प्रत्येक कक्षा से चयनित आदर्श छात्रों को भी मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रीति त्यागी ने किया।
इस अवसर पर दौजपाल सिंह, राकेश शर्मा, जुगेंद्र, प्रेमपाल, धर्मेंद्र, विक्रम, शशि बाला, स्नेहिल गौड़, प्रियंका शर्मा, पंकज जोशी, नीलम गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अभिभावक मौजूद रहे।
