सिकंदराबाद: दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग और दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को सिकंदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर गुर्जर चौक के पास घेराबंदी कर ग्राम निजामपुर निवासी सतपाल उर्फ सत्ते टोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध असलहा और कारतूस मिले।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। घायलों में सतपाल उर्फ सत्ते टोपी भी शामिल था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ सिकंदराबाद थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में भी हत्या, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध असलहा बरामद होने के संबंध में भी विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
