Search

सिकंदराबाद: माता की अखंड ज्योति यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जयकारों से गूंजा नगर

124 Views

सिकंदराबाद: शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को सिकंदराबाद में माता की अखंड ज्योति यात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। हिमाचल प्रदेश के ज्वाला जी तथा दिल्ली के कालका जी और झंडेवालान माता के मंदिरों से लाई गई अखंड ज्योति के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

बस अड्डे से शुरू हुई अखंड ज्योति यात्रा

रविवार सुबह करीब 10 बजे नगर के बस अड्डे से माता की अखंड ज्योति यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, डीजे और काली के अखाड़े शामिल रहे। माता के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ यात्रा में शामिल हुए।

झांकियों और काली के अखाड़ों ने मोहा मन

यात्रा में देवी-देवताओं और माता के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। काली के अखाड़े में कलाकारों ने अपने करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, डीजे पर बज रहे माता के भजनों पर युवा झूमते नजर आए। पूरे मार्ग पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

प्रमुख मार्गों पर हुआ भव्य स्वागत

माता की अखंड ज्योति यात्रा हाईवे से विजयद्वार, चौधरीवाड़ा, वैद्यवाड़ा, बड़ा बाजार और कबाड़ी बाजार होते हुए पुराना होली मेला रोड से गुजरी। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और गुलाल उड़ाकर यात्रा का स्वागत किया। माता के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

मंदिरों में विधि-विधान से स्थापित की गई ज्योति

यात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने माता की अखंड ज्योति को अपने-अपने मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ स्थापित किया। प्रथम नवरात्र पर निकली इस भव्य यात्रा ने नगर में धार्मिक उत्सव का माहौल बना दिया। यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment