सिकंदराबाद क्षेत्र के सहपानी गांव में लेंटर शटरिंग के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सिकंदराबाद: कोतवाली क्षेत्र के गांव सहपानी में शुक्रवार को निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। लेंटर की शटरिंग का काम करते समय मजदूर लोहे का गाटर उठा रहा था, जो ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सहपानी निवासी अवनीश के मकान पर निर्माण कार्य चल रहा था। शाम करीब साढ़े पांच बजे ग्रेटर नोएडा के गांव सुतयाना (मूल निवासी मुजफ्फरनगर) के रहने वाले इरफान (उम्र लगभग 35 वर्ष) शटरिंग डालने के दौरान लोहे का गाटर उठा रहा था। इसी दौरान गाटर हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे इरफान करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और लोगों ने इरफान को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल अनिल कुमार शाही ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
[democracy id=”current”]
