सिकंदराबाद। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सरस्वती नगर में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रेरणादायी एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैप्टन गुरवीर सिंह एवं विशिष्ट अतिथि सूबेदार मेजर धर्मजीत जोशी ने भारत माता एवं कारगिल के अमर शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। विद्यालय परिवार की ओर से दोनों अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पटका पहनाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक संजीव कुमार शर्मा ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता राजकुमार सिंह ने कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से देशहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रीति त्यागी ने किया। मुख्य अतिथि कैप्टन गुरवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल के वीर जवानों का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा प्रत्येक नागरिक को उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राकेश, जुगेंद्र सिंह आर्य, दौजपाल सिंह, प्रेमपाल, विक्रम, धर्मेंद्र, शशि बाला, स्नेहिल गॉड, पंकज जोशी, नीलम गुप्ता, वंदना, पूनम गर्ग, प्रशांत शर्मा सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
