Search

सिकंदराबाद: धूमधाम से निकली जगन्नाथ रथ यात्रा, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु

Share Now :

WhatsApp
939 Views

सिकंदराबाद: मोहल्ला केसरीवाड़ा स्थित श्री कृष्ण बलदेव शिव मंदिर समिति (पंजी.) के तत्वावधान में रविवार को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शाम 5 बजे मंदिर परिसर से शुरू हुई रथ यात्रा सेठों वाली गली, बड़ा बाजार, हनुमान चौक, कबाड़ी बाजार और बाजार माधोदास होते हुए चामुंडा माता मंदिर, मोहल्ला हरीशाह पहुंचकर संपन्न हुई।

रथ यात्रा का शुभारंभ देवेंद्र सोलंकी ने भगवान जगन्नाथ की आरती कर किया। यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की सुसज्जित झांकी मुख्य आकर्षण रही। ढोल-नगाड़ों, डीजे, दुर्गा माता की झांकी और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर नाचते-गाते नजर आए।

समिति के सदस्य नवीन सिंघल ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण रहा। यात्रा में महाप्रसाद का वितरण किया गया तथा समापन के बाद चाट-पकौड़ी और मेले का आयोजन भी हुआ।

रथ यात्रा में मंदिर के पुजारी दिनेश शर्मा, विधायक लक्ष्मीराज सिंह, पूर्व विधायक विमला सोलंकी, नगर पालिका चेयरमैन डॉ. प्रदीप दीक्षित, सचिन शर्मा, अरविंद दीक्षित, नारायण शर्मा, पिंकी वोहरा, जगदीश बजाज, राधेश्याम मित्तल, अरुण बंसल, पुनीत गुप्ता, प्रणव, उत्कर्ष, काव्य, अजय बंसल, नरेंद्र गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और महिलाएं शामिल रहीं।

रथ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment