सिकंदराबाद: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदराबाद पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर शक्तिपीठ मार्ग, गुलावठी रोड के पास घेराबंदी कर आजाद नगर निवासी रसीद को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट समेत अन्य मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
