Search

हिमाचल में श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान बर्फ में पांव फिसलने से गुलावठी के श्रद्धालु की मौत

Share Now :

WhatsApp
875 Views

 

बुलंदशहर: हिमाचल में कुल्लू जिला के निरमंड उपमंडल में श्रीखंड महादेव यात्रा पर निकले गुलावठी के एक श्रद्धालु की बर्फ पर पांव फिसलने से गिरने पर मौत हो गयी है।मृतक श्रद्धालु विनय वर्मा (50) नगर के मोहल्ला गांधीनगर के निवासी हैं। श्रद्धालु की मौत से नगर में शोक की लहर है। शनिवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। गुलावठी के मोहल्ला गांधीनगर निवासी विनय वर्मा की सैदपुर रोड पर सराफ की दुकान है। वह अपने साथियों के साथ हिमाचल में श्रीखंड महादेव की यात्रा करने के लिए गए थे। यात्रा में उनके भाई संदीप वर्मा भी साथ थे। गुलावठी से चार श्रद्धालु श्रीखंड महादेव की यात्रा के लिए गए थे। दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, गुलावठी व मेरठ समेत करीब 35 लोगों का जत्था गत 15 जून को यात्रा के लिए निकला था। बताया गया कि विनय वर्मा श्रीखंड महादेव के दर्शन कर लौट रहे थे। वह करीब एक किलोमीटर ही उतरे थे, रास्ते में विनय वर्मा का ग्लेशियर से पैर फिसल गया और वह 250 मीटर नीचे खाई में जा गिरे और उनकी मौत हो गई। रेस्क्यू टीम की मदद से 12 घंटे बाद उनके शव को खाई से निकाला गया। विनय वर्मा की मौत की सूचना जैसे ही गुलावठी में लगी तो नगर में शोक की लहर दौड़ गई। श्रीखंड महादेव की यात्रा उत्तर भारत की सबसे कठिन यात्रा है। अत्यधिक बर्फ के कारण विनय वर्मा का पांव फिसला और वह नीचे खाई में जा गिरे। वहीं, शनिवार को उनका शव गुलावठी पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में लोग उनके घर के बाहर एकत्र हो गए। गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार स्थानीय श्मशान भूमि पर किया गया। बताया गया कि विनय वर्मा पहली बार श्रीखंड महादेव की यात्रा के लिए गए थे, जबकि उनके भाई संदीप वर्मा चौथी बार यात्रा के लिए गए थे।

बता दें कि इस वर्ष आधिकारिक तौर पर श्रीखण्ड महादेव की यात्रा 14 जुलाई से 27 जुलाई तक होनी तय हुई है। बावजूद इसके लोग इस यात्रा पर निकल रहे हैं। इस वर्ष यात्रा के रास्ते मे अत्यधिक बर्फ होने के कारण अभी यात्रा कठिन बताई जा रही है। अब तक यात्रा में तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है।

 

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News