Search

सिकंदराबाद: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में मुन्नाभाई गिरफ्तार, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल

327 Views

सिकंदराबाद: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच सिकंदराबाद के जैन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। परीक्षा के अंतिम तीसरे दिन की पहली पाली में एक युवक अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा देता पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सॉल्वर गैंग की मदद से परीक्षा केंद्र तक पहुंचा था।

जानकारी के अनुसार एटा जिले के थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव जिटौली निवासी अजित पुत्र रूप किशोर अपने चचेरे भाई अनिल पुत्र देवेंद्र की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा के दौरान उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट ने उसे हिरासत में लेकर दोबारा बायोमेट्रिक सत्यापन कराया। जांच में फिंगरप्रिंट और अन्य पहचान संबंधी विवरण मेल नहीं खाने पर पूरा मामला उजागर हो गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी को परीक्षा दिलाने के लिए सॉल्वर गैंग द्वारा करीब पांच लाख रुपये का सौदा तय किया गया था। मामले की जानकारी मिलते ही केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट ने पुलिस बल के साथ परीक्षा कक्ष की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की ओएमआर शीट और अन्य दस्तावेज परीक्षा एजेंसी को सौंप दिए गए हैं।

सबसे अहम बात यह है कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर तैनात बायोमेट्रिक जांच टीम ने शुरुआती जांच के दौरान आरोपी को क्लीन चिट दे दी थी और उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिल गई थी। इससे सुरक्षा व्यवस्था और बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी को पकड़ा गया है तथा केंद्र प्रभारी डीएन शाही की ओर से सिकंदराबाद थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने का प्रयास किया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सॉल्वर गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment