सिकंदराबाद: ईद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। ईद से एक दिन पूर्व एसडीएम दीपक कुमार पाल और सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने नगर के ईदगाह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।.
एसडीएम ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सड़कों पर नमाज अदा न की जाए और सभी लोग निर्धारित स्थल पर ही नमाज पढ़ें।
वहीं, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ईदगाह परिसर की सभी व्यवस्थाएं जल्द से जल्द दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में ईद मनाने की अपील की है।
