सिकंदराबाद: सिकंदराबाद पुलिस ने भैंसा चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के भैंसे को हापुड़ की फैक्ट्री में बेचने के बाद मिले 54,500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल टाटा एस गोल्ड वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अपराध रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भैंसा चोरी के मामले में शामिल आरोपी दादूपुर नीला की बंबे की पुलिया के पास मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पुत्र इंद्रपाल निवासी अगवाना, थाना गुलावठी, राहुल पुत्र करन सिंह निवासी कोटा, थाना गुलावठी और सुहैब पुत्र शहरबान निवासी पीरखां, गुलावठी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चोरी किए गए भैंसे को हापुड़ की एक फैक्ट्री में बेच दिया था। भैंसा बेचने पर उन्हें 72,500 रुपये मिले थे, जिसमें से 54,500 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल टाटा एस गोल्ड वाहन संख्या UP13CT5044 भी पुलिस ने बरामद किया है।
