सिकंदराबाद: कोतवाली सिकंदराबाद के मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने काउंसलिंग के जरिए एक टूटते परिवार को बिखरने से बचाने में सफलता हासिल की। पति-पत्नी के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद को आपसी बातचीत और समझाइश के माध्यम से सुलझा लिया गया। दोनों ने पुराने मतभेद भुलाकर एक साथ नई शुरुआत करने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर के निर्देशन में पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के तहत शुक्रवार को पति-पत्नी को थाना सिकंदराबाद स्थित मिशन शक्ति केंद्र बुलाया गया। यहां केंद्र की प्रभारी उप निरीक्षक शीबा और उनकी टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
काउंसलिंग के दौरान टीम ने पति-पत्नी को आपसी विश्वास, समझदारी और पारिवारिक रिश्तों के महत्व के बारे में समझाया। काफी बातचीत के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से सुलह-समझौते के लिए तैयार हो गए।
इसके बाद पति-पत्नी ने एक-दूसरे पर विश्वास जताते हुए बीती बातों को पीछे छोड़ने और भविष्य में हंसी-खुशी साथ रहने का फैसला किया। दोनों ने अपने वैवाहिक जीवन को नए सिरे से शुरू करने का संकल्प भी लिया।
मिशन शक्ति प्रभारी शीबा और काउंसलिंग टीम ने दंपति को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भविष्य में किसी भी तरह के विवाद की स्थिति में आपसी संवाद बनाए रखने और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की सलाह दी।
मिशन शक्ति टीम की इस पहल से एक परिवार में फिर से खुशियां लौटने की उम्मीद जगी है।
