Search

सिकंदराबाद: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रतिभा सम्मान समारोह: मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र दिए

147 Views

सिकंदराबाद: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सिकंदराबाद नगर इकाई की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर के विभिन्न स्कूलों के 500 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा पत्रकारों को भी उनके कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

नायब तहसीलदार बोले- सफलता केवल एक पड़ाव, मंजिल अभी दूर

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिकंदराबाद चोला के नायब तहसीलदार चौधरी हेमंत सिंह मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। वर्तमान सफलता केवल एक पड़ाव है और मंजिल अभी बहुत दूर है। विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और ईमानदारी को अपने जीवन का मूलमंत्र बनाना चाहिए।

जेएस पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर वैभव जैन ने कहा कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने से दूसरे बच्चों में भी आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की भावना जागृत होती है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना भी है।

विभाग संगठन मंत्री ने कहा- युवाओं में राष्ट्रवाद और सामाजिक दायित्व जगाता है ABVP

विभाग संगठन मंत्री कमल ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रवाद और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने वाली पाठशाला है। प्रतिभाओं का सम्मान करके समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत की जा रही है।

कार्यक्रम में जेएस पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर वैभव जैन विशिष्ट अतिथि रहे। नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार नोहिया और नगर मंत्री आदित्य पांचाल समेत संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कर्मवीर भाटी ने संभाली मंच संचालन की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के मंच संचालन और व्यवस्था की जिम्मेदारी कर्मवीर भाटी ने संभाली। समारोह के दौरान सभागार तालियों के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजता रहा। अपने बच्चों को सम्मानित होते देखकर अभिभावकों में भी उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार नोहिया ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम में नगर सह मंत्री सौरभ शर्मा, नगर छात्रा प्रमुख माही, नगर सह मंत्री रिया सैनी, अजय कुमार, सूरज कुमार, लविश भाटी समेत ABVP के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News