Search

सिकंदराबाद: अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज से एबीवीपी के सदस्यता अभियान का आगाज, छात्राओं में दिखा उत्साह

157 Views

सिकंदराबाद: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सिकंदराबाद नगर इकाई ने बुधवार को राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ नगर के अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज से किया गया, जहां छात्राओं को परिषद की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। संगठन ने इस वर्ष सिकंदराबाद नगर में 10 हजार नए छात्र-छात्राओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत कार्यकर्ता सिकंदराबाद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और प्रमुख कोचिंग सेंटरों में पहुंचेंगे। विद्यार्थियों से संपर्क कर उन्हें संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी जाएगी। संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़कर छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है।

अभियान के पहले दिन कॉलेज की छात्राओं में सदस्यता को लेकर उत्साह देखने को मिला। पदाधिकारियों ने छात्राओं की सदस्यता रसीद काटकर उन्हें परिषद की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान तहसील संयोजक तनिष्क माधरे, तहसील सह-संयोजक दीपू सैनी, नगर मंत्री आदित्य पांचाल, नगर सह-मंत्री रिया सैनी और नगर छात्रा प्रमुख माही  समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News