सिकंदराबाद: ग्राम भराना स्थित गंग नहर किनारे श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम ऋण मुक्तेश्वर धाम में गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री शतचंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आयोजन की तैयारियां आश्रम में पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
इस आयोजन की जानकारी देते हुए नवग्रह शनिदेव मंदिर पावन धाम एसडीएम कॉलोनी के महंत, ज्योतिषाचार्य, कथा व्यास आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय वशिष्ठ ने बताया कि यह महायज्ञ 26 जून से शुरू होकर 4 जुलाई तक चलेगा। आयोजन की भव्यता को बढ़ाने के लिए बिहार के कुशल कारीगर यज्ञशाला का निर्माण कर रहे हैं।
देशभर से विद्वान आचार्य होंगे शामिल
इस शतचंडी महायज्ञ में अयोध्या, वाराणसी, मथुरा और मध्य प्रदेश के दंडी स्वामी और अनेक सिद्ध संतों के साथ वैदिक आचार्य भी यज्ञ को गरिमा प्रदान करेंगे।
कलश यात्रा से होगी शुरुआत
26 जून (गुरुवार) को ग्राम भराना से 151 महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होकर आश्रम परिसर में पहुंचेगी।
कलश यात्रा के बाद पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश होगा।
पूजन और अनुष्ठानों की तिथि
27 जून (शुक्रवार): देव प्रतिष्ठा, अग्नि पूजन, यज्ञ आहुति।
1 जुलाई (मंगलवार): सदाशिव पाठ उत्सव एवं महारुद्र अभिषेक।
4 जुलाई (शुक्रवार): पूर्णाहुति, प्रसादी वितरण एवं भंडारा।
सभी मनोकामनाएं होंगी पूर्ण
आचार्य पंडित आशीष जी ने बताया कि गुप्त नवरात्रि में शतचंडी महायज्ञ में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होंगी और जीवन के कष्टों का निवारण होगा। परिक्रमा कर श्रद्धालु टॉफी, बिस्कुट, मेवा, फल आदि चढ़ाकर पुण्य कमा सकते हैं।
स्वामी फलाहारी दास जी का आह्वान
श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम ऋण मुक्तेश्वर के संस्थापक स्वामी श्री सीताशरण जी महाराज उर्फ फलाहारी दास जी बाबा ने सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का अनुरोध किया है।
